लापता छात्र प्रतीक कुमार सुरक्षित मिला, धनबाद रेलवे स्टेशन पर पडोसी ने पहचान कर घर पहुंचाया
झरिया : जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के डुमरी तीन नंबर निवासी 11 वर्षीय छात्र प्रतीक कुमार बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था, लेकिन गुरुवार सुबह वह सकुशल मिल गया। मोहल्ले के ही युवक भीम कुमार ने धनबाद रेलवे स्टेशन पर उसे देखा और पहचान कर सुरक्षित उसके घर पहुंचा दिया। बच्चे के घर लौटने की खबर से परिवार और मोहल्ले वासियों में राहत की सांस ली है। प्रतीक कुमार स्वर्गीय राकेश कुमार का पुत्र है और वह टाटा डीएवी स्कूल में कक्षा 5वीं का छात्र है। बुधवार को वह घर से अचानक गायब हो गया था, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। परिवार को अनहोनी की आशंका सताने लगी थी। ज्ञात हो की बच्चे की मां रागिनी देवी ने जोड़ापोखर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। स्थानीय लोग भी प्रतीक की खोजबीन में जुट गए थे। गुरुवार सुबह मोहल्ले के युवक भीम कुमार अपनी बहन को लेने धनबाद रेलवे स्टेशन गए थे। ट्रेन छूट जाने के कारण वे वापस लौट रहे थे, तभी उनकी नजर स्टेशन पर अकेले बैठे प्रतीक पर पड़ी। भीम ने उसे तुरंत पहचाना और अपने साथ घर ले आए। मां रागिनी देवी ने बताया कि प्रतीक मुर्गी का बच्चा खरीदने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे न मिलने पर वह नाराज होकर घर से निकल गया। प्रतीक ने परिवार को बताया कि वह पैदल चलकर धनबाद रेलवे स्टेशन पहुंचा, वहां से ट्रेन पकड़कर देवघर चला गया और फिर दूसरी ट्रेन से वापस धनबाद लौट आया। परिवार ने भीम कुमार का आभार व्यक्त किया है, जिनकी सूझबूझ से बच्चा सुरक्षित घर पहुंच सका।
संवाददाता — शमीम हुसैन
मुख्य संपादक — अरुण कुमार












Add Comment