Home » बी सी सी एल जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल से दो लाख की हुई चोरी
Uncategorized

बी सी सी एल जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल से दो लाख की हुई चोरी

बीसीसीएल के जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल से दो लाख रुपये की चोरी

झरिया । बीसीसीएल लोदना क्षेत्र अंतर्गत जियलगोरा क्षेत्रीय अस्पताल में रविवार की सुबह चोरों ने बड़ा हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बंद पड़े ऑपरेशन थियेटर से लगभग दो लाख रुपये मूल्य की चिकित्सा सामग्री चुरा ली। घटना की जानकारी मिलने पर उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू. मल्लेश ने जोरापोखर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। सफाई कर्मी विशाल कुमार हाड़ी ने बताया कि सुबह ड्यूटी के दौरान ऑपरेशन थियेटर के पास झाड़ू लगाते समय उन्होंने दो लोगों को पीछे से सामान लेकर जाते देखा। हल्ला करने पर चोर सामान छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर चिकित्सकों ने जाँच की तो पता चला कि चोरों ने ऑपरेशन थियेटर के पीछे की खिड़की के नीचे से सेंध लगाकर कमरे में प्रवेश किया था। चुराई गई सामग्री में ऑक्सीजन सिलेंडर, ओटी टेबल, सक्शन मशीन, 10 ड्रम, स्टरलाइजर, विभिन्न ऑपरेशन उपकरण और एक एसी शामिल हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये है।

सुरक्षा में बड़ी चूक, बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं

अस्पताल में रात्रि पाली पर तैनात सुरक्षा कर्मी शमशाद और कौशल को रात भर हुई चोरी की भनक तक नहीं लगी। उनकी लापरवाही के कारण चोरों को रात से सुबह तक पर्याप्त समय मिल गया। बताया गया है कि ऑपरेशन थियेटर पिछले पाँच वर्षों से सर्जन की अनुपस्थिति के कारण बंद पड़ा है। अस्पताल की मरम्मत न होने से पीछे की दीवार और चारदीवारी टूटी-फूटी है। पिछले एक वर्ष में चोरों ने लगभग 10 बार चोरी का प्रयास किया, लेकिन गार्डों की सतर्कता से नाकाम रहे। इस बार शनिवार रात से रविवार सुबह तक चोर सफल रहे। डॉ. यू. मल्लेश, उप चिकित्सा अधीक्षक, जियलगोरा अस्पताल ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था और मरम्मत कार्य की अनदेखी के कारण ऐसी घटनाएँ बार-बार हो रही हैं। कई बार महाप्रबंधक से पीछे की चारदीवारी की मरम्मत, दरवाजे-खिड़कियों की ठीक करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है, लेकिन फंड की कमी बताकर मामला टाला जाता रहा है।

संवाददाता —- शमीम हुसैन

मुख्य संपादक —- अरुण कुमार

About the author

Prabin Kumar