झरिया में बीसीसीएल परियोजना रास्ता विवाद पर हंगामा, पूर्व विधायक संजीव सिंह का तीखा बयान
गांव की रिश्तेदारी गांव में रहेगी, झरिया को उजाड़ कर धनबाद में राजनीति करने नहीं देंगे।
झरिया । झरिया के एंटी एसटी विभागीय परियोजना (बीसीसीएल एरिया संख्या-10) में रास्ता काटे जाने को लेकर गुरुवार को जबरदस्त विवाद और विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। रास्ता अवरुद्ध होने से नाराज बीसीसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रबंधन एवं आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आउटसोर्सिंग प्रबंधन के समर्थकों द्वारा बीसीसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों की कथित पिटाई के बाद माहौल और गर्म हो गया। मामले की सूचना मिलते ही पूर्व झरिया विधायक संजीव सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तीखा बयान देते हुए कहा, “गांव की रिश्तेदारी गांव में रहेगी, झरिया को उजाड़ कर धनबाद में राजनीति करने नहीं देंगे। संजीव सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भले ही कोई उनके गांव या रिश्तेदारी का ही क्यों न हो, लेकिन झरिया की जनता के हितों से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग निजी स्वार्थ और राजनीतिक लाभ के लिए झरिया क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे झरिया की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि रंगदारी, दबंगई और अवैध हस्तक्षेप की राजनीति को हर हाल में खत्म कराया जाएगा। संजीव सिंह ने विभागीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। उन्होंने दोहराया कि झरिया की पहचान, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए वे सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे। वहीं, वर्तमान झरिया विधायक रागिनी सिंह भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने आउटसोर्सिंग प्रबंधन के समर्थकों द्वारा बीसीसीएल अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ हुई कथित बेरहमी पिटाई की कड़ी निंदा की। विधायक ने कहा कि मजदूरों और अधिकारियों पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। बीसीसीएल के अधिकारी और कर्मचारी जिला प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
संवाददाता —- शाहिल हुसैन
मुख्य संपादक —- अरुण कुमार












Add Comment